हि

अध्याय 1 · 14 / 39

1.14

ततः श्वेतैर्हयैर्युक्ते महति स्यन्दने स्थितौ ।
माधवः पाण्डवश्चैव दिव्यौ शङ्खौ प्रदध्मतुः ॥ १४ ॥

tataḥ—तत्पश्चात्; śvetaiḥ—श्वेत; hayaiḥ—अश्वों से; yukte—जुते हुए; mahati—विशाल; syandane—रथ पर; sthitau—इस प्रकार स्थित; mādhavaḥ—श्रीकृष्ण (लक्ष्मी के पति); pāṇḍavaḥ—अर्जुन (पाण्डुपुत्र); ca—भी; eva—निश्चय ही; divyau—दिव्य; śaṅkhau—शंख; pradadhmatuḥ—बजाए।

दूसरी ओर, श्वेत अश्वों से जुते एक विशाल रथ पर विराजमान भगवान् श्रीकृष्ण तथा अर्जुन ने अपने दिव्य शंख बजाए।

भीष्मदेव द्वारा बजाए गए शंख की तुलना में, श्रीकृष्ण तथा अर्जुन के हाथों में स्थित शंखों को दिव्य कहा गया है। इन दिव्य शंखों का बजना यह संकेत करता था कि दूसरे पक्ष के लिए विजय की कोई आशा नहीं थी, क्योंकि श्रीकृष्ण पाण्डवों के पक्ष में थे। जयस्तु पाण्डु-पुत्राणां येषां पक्षे जनार्दनः। विजय सदैव पाण्डुपुत्रों जैसे व्यक्तियों के साथ रहती है, क्योंकि भगवान् श्रीकृष्ण उनके संगी हैं। और जहाँ-कहीं तथा जब-कभी भगवान् उपस्थित रहते हैं, वहाँ लक्ष्मी भी रहती हैं, क्योंकि लक्ष्मी अपने पति के बिना कभी अकेली नहीं रहतीं। अतः अर्जुन की प्रतीक्षा में विजय तथा सौभाग्य थे, जैसा कि विष्णु, अर्थात् भगवान् श्रीकृष्ण के शंख से उत्पन्न दिव्य ध्वनि से संकेतित हुआ। इसके अतिरिक्त, जिस रथ पर दोनों मित्र विराजमान थे, उसे अग्नि (अग्निदेव) ने अर्जुन को प्रदान किया था; और यह इंगित करता था कि वह रथ तीनों लोकों में जहाँ-कहीं भी ले जाया जाता, सभी दिशाओं को जीतने में समर्थ था।