अध्याय 10 · 14 / 40
10.16
वक्तुमर्हस्यशेषेण दिव्या ह्यात्मविभूतयः ।
याभिर्विभूतिभिर्लोकानिमांस्त्वं व्याप्य तिष्ठसि ॥ १६ ॥
वक्तुम्—कहने योग्य; अर्हसि—आप समर्थ हैं; अशेषेण—विस्तारपूर्वक; दिव्या—दिव्य; हि—निश्चय ही; आत्म—अपने; विभूतयः—ऐश्वर्य; याभिः—जिनसे; विभूतिभिः—ऐश्वर्यों से; लोकान्—समस्त लोकों में; इमान्—इन; त्वम्—आप; व्याप्य—व्याप्त होकर; तिष्ठसि—रहते हैं।
कृपया मुझे अपनी उन दिव्य विभूतियों का विस्तारपूर्वक वर्णन करें, जिनके द्वारा आप इन समस्त लोकों में व्याप्त होकर उनमें विराजमान रहते हैं।
इस श्लोक से प्रतीत होता है कि अर्जुन परमेश्वर श्रीकृष्ण के विषय में अपने ज्ञान से पहले ही सन्तुष्ट हैं। श्रीकृष्ण की कृपा से अर्जुन को व्यक्तिगत अनुभव, बुद्धि तथा ज्ञान प्राप्त है, और इन समस्त साधनों के माध्यम से जो कुछ भी किसी व्यक्ति को प्राप्त हो सकता है, वह सब उन्हें प्राप्त है, तथा उन्होंने श्रीकृष्ण को पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् के रूप में समझ लिया है। उनके लिए कोई सन्देह नहीं है। तथापि वे श्रीकृष्ण से उनके सर्वव्यापी स्वरूप का वर्णन करने को कह रहे हैं, ताकि भविष्य में लोग, विशेषतः निर्विशेषवादी, यह समझ सकें कि वे अपनी विभिन्न शक्तियों के द्वारा अपने सर्वव्यापी पक्ष में किस प्रकार विद्यमान हैं। यह समझना चाहिए कि अर्जुन यह प्रश्न सामान्य जनों की ओर से पूछ रहे हैं।