अध्याय 10 · 31 / 40
10.33
अक्षराणामकारोऽस्मि द्वन्द्वः सामासिकस्य च ।
अहमेवाक्षयः कालो धाताहं विश्वतोमुखः ॥ ३३ ॥
अक्षराणाम्—अक्षरों में; अकारः—प्रथम अक्षर; अस्मि—मैं हूँ; द्वन्द्वः—द्वन्द्व; सामासिकस्य—समासों में; च—और; अहम्—मैं हूँ; एव—निश्चय ही; अक्षयः—नित्य; कालः—काल; धाता—स्रष्टा; अहम्—मैं हूँ; विश्वतो-मुखः—ब्रह्मा।
अक्षरों में मैं ‘अ’ अक्षर हूँ, और समासों में मैं द्वन्द्व समास हूँ। मैं अक्षय काल भी हूँ, और स्रष्टाओं में मैं ब्रह्मा हूँ, जिनके अनेक मुख सर्वत्र अभिमुख हैं।
अकार, संस्कृत वर्णमाला का प्रथम अक्षर, वैदिक साहित्य का आरम्भ है। अकार के बिना किसी ध्वनि का उच्चारण नहीं हो सकता; अतः वही ध्वनि का आरम्भ है। संस्कृत में अनेक समस्त पद भी होते हैं, जिनमें राम-कृष्ण जैसा द्वन्द्व पद द्वन्द्वः कहलाता है। उदाहरणार्थ, राम तथा कृष्ण की लय एक समान है, इसलिए वे द्वन्द्व कहलाते हैं।
समस्त प्रकार के संहारकों में काल परम है, क्योंकि काल प्रत्येक वस्तु का संहार करता है। काल श्रीकृष्ण का प्रतिनिधि है, क्योंकि नियत समय आने पर एक महान् अग्नि प्रकट होगी और सब कुछ संहृत हो जाएगा।
स्रष्टाओं तथा जीवों में ब्रह्मा प्रमुख हैं। विभिन्न ब्रह्मा तदनुसार चार, आठ, सोलह आदि मुख प्रकट करते हैं, और वे अपने-अपने ब्रह्माण्डों में प्रमुख स्रष्टा हैं। ब्रह्मा श्रीकृष्ण के प्रतिनिधि हैं।