हि

अध्याय 11 · 38 / 52

11.40

नमः पुरस्तादथ पृष्ठतस्ते
नमोऽस्तु ते सर्वत एव सर्व ।
अनन्तवीर्यामितविक्रमस्त्वं
सर्वं समाप्नोषि ततोऽसि सर्वः ॥ ४० ॥

namaḥ—नमस्कार अर्पित करते हुए; purastāt—सामने से; atha—भी; pṛṣṭhataḥ—पीछे से; te—आपको; namaḥ astu—मैं नमस्कार अर्पित करता हूँ; te—आपको; sarvataḥ—सभी ओर से; eva sarva—क्योंकि आप ही सब कुछ हैं; ananta-vīrya—असीम सामर्थ्य; amita-vikramaḥ—असीम बल; tvam—आप; sarvam—सब कुछ; samāpnoṣi—आच्छादित करते हैं; tataḥ asi—अतः आप हैं; sarvaḥ—सब कुछ।

सामने से, पीछे से तथा सभी ओर से आपको नमस्कार! हे असीम सामर्थ्य वाले, आप ही असीम बल के स्वामी हैं! आप सर्वव्यापी हैं, और इस प्रकार आप ही सब कुछ हैं!

अपने सखा श्रीकृष्ण के प्रति प्रेमपूर्ण भावावेश से अर्जुन सभी ओर से उन्हें अपना नमस्कार अर्पित कर रहे हैं। वे यह स्वीकार करते हैं कि वे ही समस्त शक्तियों तथा समस्त पराक्रम के स्वामी हैं और युद्धभूमि पर एकत्र समस्त महान् योद्धाओं से कहीं श्रेष्ठ हैं। विष्णु पुराण में कहा गया है: यो ऽयं तवागतो देव-समीपं देवता-गणः स त्वम् एव जगत्-स्रष्टा यतः सर्व-गतो भवान्। “जो कोई आपके समक्ष आता है, चाहे वह देवता ही क्यों न हो, हे पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान्, वह आपके ही द्वारा रचा गया है।”