हि

अध्याय 2 · 32 / 71

2.32

यदृच्छया चोपपन्नं स्वर्गद्वारमपावृतम् ।
सुखिनः क्षत्रियाः पार्थ लभन्ते युद्धमीदृशम् ॥ ३२ ॥

यदृच्छया—अपने आप; च—भी; उपपन्नम्—प्राप्त हुआ; स्वर्ग—स्वर्गलोक; द्वारम्—द्वार; अपावृतम्—खुला हुआ; सुखिनः—अत्यन्त सुखी; क्षत्रियाः—राजवर्ग के सदस्य; पार्थ—हे पृथापुत्र; लभन्ते—प्राप्त करते हैं; युद्धम्—युद्ध; ईदृशम्—इस प्रकार का।

हे पार्थ, वे क्षत्रिय सुखी हैं, जिन्हें ऐसे युद्ध के अवसर बिना माँगे प्राप्त होते हैं, और जो उनके लिए स्वर्गलोक के द्वार खोल देते हैं।

जगत् के सर्वोच्च गुरु के रूप में, भगवान् श्रीकृष्ण अर्जुन के उस मनोभाव की निन्दा करते हैं, जिसमें उसने कहा, “इस युद्ध में मुझे कोई कल्याण नहीं दिखता। यह नरक में चिरकालीन निवास का कारण बनेगा।” अर्जुन के ऐसे कथन केवल अज्ञान के कारण थे। वह अपने विशिष्ट कर्तव्य के निर्वाह में अहिंसक बनना चाहता था। क्षत्रिय का युद्धभूमि में रहकर अहिंसक बनना मूर्खों का दर्शन है। पराशर-स्मृति, अर्थात् व्यासदेव के पिता तथा महान् ऋषि पराशर द्वारा रचित धार्मिक संहिताओं में, कहा गया है:

kṣatriyo hi prajā rakṣan śastra-pāṇiḥ pradaṇḍayan

nirjitya parasainyādi kṣitiṁ dharmeṇa pālayet.

“क्षत्रिय का कर्तव्य है कि वह प्रजा की समस्त प्रकार की कठिनाइयों से रक्षा करे, और इसी कारण उसे विधि-व्यवस्था हेतु उपयुक्त स्थितियों में हिंसा का प्रयोग करना पड़ता है। अतः उसे शत्रु राजाओं के सैनिकों को परास्त करना होता है, और इस प्रकार धार्मिक सिद्धान्तों के साथ उसे संसार पर शासन करना चाहिए।”

समस्त पक्षों पर विचार करने पर, अर्जुन के पास युद्ध से विरत रहने का कोई कारण नहीं था। यदि वह अपने शत्रुओं को परास्त करता, तो वह राज्य का भोग करता; और यदि वह युद्ध में मारा जाता, तो वह उन स्वर्गलोकों तक उठाया जाता, जिनके द्वार उसके लिए खुले हुए थे। दोनों ही स्थितियों में युद्ध उसके हित में था।