अध्याय 5 · 18 / 27
5.19
इहैव तैर्जितः सर्गो येषां साम्ये स्थितं मनः ।
निर्दोषं हि समं ब्रह्म तस्माद्ब्रह्मणि ते स्थिताः ॥ १९ ॥
इह—इस जीवन में; एव—निश्चय ही; तैः—उनके द्वारा; जितः—जीत लिया गया; सर्गः—जन्म और मृत्यु; येषाम्—जिनका; साम्ये—समभाव में; स्थितम्—स्थित; मनः—मन; निर्दोषम्—निर्दोष; हि—निश्चय ही; समम्—समभाव में; ब्रह्म—परम; तस्मात्—अतः; ब्रह्मणि—परम में; ते—वे; स्थिताः—स्थित हैं।
जिनका मन समता एवं समभाव में स्थित है, उन्होंने जन्म और मृत्यु की अवस्थाओं को पहले ही जीत लिया है। वे ब्रह्म के समान निर्दोष हैं, और इस प्रकार वे पहले से ही ब्रह्म में स्थित हैं।
जैसा कि ऊपर कहा गया, मन की समता आत्म-साक्षात्कार का चिह्न है। जिन्होंने वस्तुतः ऐसी अवस्था प्राप्त कर ली है, उन्हें भौतिक अवस्थाओं को—विशेषतः जन्म और मृत्यु को—जीत चुका मानना चाहिए। जब तक मनुष्य इस शरीर के साथ अपनी पहचान करता है, तब तक उसे बद्धजीव माना जाता है; किन्तु ज्यों ही वह आत्म-साक्षात्कार के द्वारा समता की अवस्था तक उन्नत होता है, त्यों ही वह बद्ध जीवन से मुक्त हो जाता है। दूसरे शब्दों में, वह अब भौतिक जगत् में जन्म लेने के अधीन नहीं रहता, अपितु अपनी मृत्यु के पश्चात् आध्यात्मिक आकाश में प्रवेश कर सकता है। भगवान् निर्दोष हैं, क्योंकि वे राग और द्वेष से रहित हैं। इसी प्रकार, जब जीव राग और द्वेष से रहित हो जाता है, तब वह भी निर्दोष तथा आध्यात्मिक आकाश में प्रवेश के योग्य बन जाता है। ऐसे व्यक्तियों को पहले से ही मुक्त मानना चाहिए, और उनके लक्षणों का वर्णन आगे किया गया है।