अध्याय 6 · 16 / 42
6.18
यदा विनियतं चित्तमात्मन्येवावतिष्ठते ।
निस्पृहः सर्वकामेभ्यो युक्त इत्युच्यते तदा ॥ १८ ॥
यदा—जब; विनियतम्—विशेष रूप से अनुशासित; चित्तम्—मन और उसकी क्रियाएँ; आत्मनि—दिव्य में; एव—निश्चय ही; अवतिष्ठते—स्थित हो जाता है; निस्पृहः—रहित; सर्व—सभी प्रकार की; कामेभ्यः—भौतिक इच्छाओं से; युक्तः—योग में भली-भाँति स्थित; इति—इस प्रकार; उच्यते—कहा जाता है; तदा—उस समय।
जब योगी योगाभ्यास द्वारा अपनी मानसिक क्रियाओं को अनुशासित कर लेता है और समस्त भौतिक इच्छाओं से रहित होकर दिव्य में स्थित हो जाता है, तब उसे योग में स्थित कहा जाता है।
योगी की क्रियाएँ साधारण व्यक्ति की क्रियाओं से उसके इस विशिष्ट लक्षण द्वारा भिन्न होती हैं कि वह समस्त प्रकार की भौतिक इच्छाओं से — जिनमें काम प्रमुख है — विरत हो जाता है। पूर्ण योगी मन की क्रियाओं में इतना भली-भाँति अनुशासित होता है कि उसे किसी भी प्रकार की भौतिक इच्छा अब विचलित नहीं कर सकती। यह पूर्णता की अवस्था कृष्णभावनामृत में स्थित व्यक्तियों द्वारा स्वतः ही प्राप्त की जा सकती है, जैसा कि श्रीमद्भागवत (9.4.18-20) में कहा गया है:
sa vai manaḥ kṛṣṇa-padāravindayor vacāṁsi vaikuṇṭha-guṇānavarṇane
karau harer mandira-mārjanādiṣu śrutiṁ cakārācyuta-sat-kathodaye
mukunda-liṅgālaya-darśane dṛśau tad-bhṛtyagātra-sparśe ‘ṅga-saṅgamam
ghrāṇaṁ ca tat-pāda-saroja-saurabhe śrīmat tulasyā rasanāṁ tad-arpite
pādau hareḥ kṣetra-padānusarpaṇe śiro hṛṣīkeśa-padābhivandane
kāmaṁ ca dāsye na tu kāma-kāmyayā yathottama-śloka-janāśrayā ratiḥ
“राजा अम्बरीष ने सर्वप्रथम अपने मन को भगवान् श्रीकृष्ण के चरणकमलों में लगाया; तत्पश्चात् उन्होंने एक के बाद एक अपनी वाणी को भगवान् के दिव्य गुणों के वर्णन में, अपने हाथों को भगवान् के मन्दिर के मार्जन में, अपने कानों को भगवान् की लीलाओं के श्रवण में, अपने नेत्रों को भगवान् के दिव्य रूपों के दर्शन में, अपने शरीर को भक्तों के शरीरों के स्पर्श में, अपनी घ्राण-इन्द्रिय को भगवान् को अर्पित कमल-पुष्प की सुगन्ध सूँघने में, अपनी जिह्वा को भगवान् के चरणकमलों में अर्पित तुलसीदल के आस्वादन में, अपने चरणों को तीर्थस्थानों और भगवान् के मन्दिर में जाने में, अपने मस्तक को भगवान् को प्रणाम अर्पित करने में और अपनी इच्छाओं को भगवान् के अभियान के निष्पादन में लगाया। ये समस्त दिव्य क्रियाएँ शुद्ध भक्त के सर्वथा अनुरूप हैं।”
यह दिव्य अवस्था निर्विशेषवादी मार्ग के अनुयायियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से भले ही अवर्णनीय हो, किन्तु कृष्णभावनामृत में स्थित व्यक्ति के लिए यह अत्यन्त सरल और व्यावहारिक हो जाती है, जैसा कि महाराज अम्बरीष की प्रवृत्तियों के उपर्युक्त वर्णन में स्पष्ट है। जब तक निरन्तर स्मरण द्वारा मन भगवान् के चरणकमलों में स्थिर न हो, तब तक ऐसी दिव्य प्रवृत्तियाँ व्यावहारिक नहीं होतीं। अतः भगवान् की भक्ति में इन विहित क्रियाओं को अर्चना कहा जाता है, अर्थात् भगवान् की सेवा में समस्त इन्द्रियों को संलग्न करना। इन्द्रियों और मन को संलग्नता की आवश्यकता होती है। मात्र त्याग व्यावहारिक नहीं है। इसलिए सामान्य जनों के लिए — विशेषतः उनके लिए जो संन्यास-आश्रम में नहीं हैं — इन्द्रियों और मन की उपर्युक्त वर्णित दिव्य संलग्नता ही दिव्य उपलब्धि की पूर्ण विधि है, जिसे भगवद्गीता में युक्त कहा गया है।