अध्याय 6 · 20 / 42
6.25
शनैः शनैरुपरमेद्बुद्ध्या धृतिगृहीतया ।
आत्मसंस्थं मनः कृत्वा न किञ्चिदपि चिन्तयेत् ॥ २५ ॥
शनैः—क्रमशः; शनैः—पग-पग; उपरमेत्—विरत हो; बुद्ध्या—बुद्धि द्वारा; धृति-गृहीतया—दृढ़ विश्वास धारण करते हुए; आत्म-संस्थम्—दिव्य में स्थित; मनः—मन; कृत्वा—ऐसा करके; न—नहीं; किञ्चित्—कुछ भी अन्य; अपि—भी; चिन्तयेत्—चिन्तन करे।
मनुष्य को पूर्ण विश्वास के साथ क्रमशः, पग-पग, बुद्धि के माध्यम से समाधि में स्थित हो जाना चाहिए, और इस प्रकार मन को केवल आत्मा पर स्थिर करना चाहिए तथा अन्य किसी वस्तु का चिन्तन नहीं करना चाहिए।
उचित विश्वास और बुद्धि द्वारा मनुष्य को क्रमशः इन्द्रिय-क्रियाओं से विरत हो जाना चाहिए। इसे प्रत्याहार कहते हैं। विश्वास, ध्यान और इन्द्रियों की उपरति द्वारा वश में किए गए मन को समाधि में स्थित होना चाहिए। उस समय जीवन की भौतिक धारणा में संलग्न होने का कोई संकट नहीं रहता। दूसरे शब्दों में, यद्यपि जब तक भौतिक शरीर विद्यमान रहता है तब तक मनुष्य भौतिक वस्तु से जुड़ा रहता है, तथापि उसे इन्द्रियतृप्ति के विषय में नहीं सोचना चाहिए। मनुष्य को परम आत्मा के सुख के अतिरिक्त किसी अन्य सुख का विचार नहीं करना चाहिए। यह अवस्था प्रत्यक्ष रूप से कृष्णभावनामृत का अभ्यास करके सरलता से प्राप्त की जाती है।