हि

अध्याय 9 · 14 / 34

9.14

सततं कीर्तयन्तो मां यतन्तश्च दृढव्रताः ।
नमस्यन्तश्च मां भक्त्या नित्ययुक्ता उपासते ॥ १४ ॥

सततम्—सदा; कीर्तयन्तः—कीर्तन करते हुए; माम्—मेरा; यतन्तः च—प्रयत्न करते हुए भी; दृढ-व्रताः—दृढ़ संकल्प सहित; नमस्यन्तः च—प्रणाम अर्पित करते हुए; माम्—मुझे; भक्त्या—भक्तिपूर्वक; नित्य-युक्ताः—नित्य संलग्न; उपासते—पूजा करते हैं।

सदा मेरी महिमाओं का कीर्तन करते हुए, महान् दृढ़ संकल्प से प्रयत्न करते हुए, मेरे समक्ष प्रणत होते हुए, ये महान् आत्माएँ नित्य भक्तिपूर्वक मेरी पूजा करती हैं।

किसी सामान्य मनुष्य पर ठप्पा लगा देने मात्र से महात्मा का निर्माण नहीं किया जा सकता। उसके लक्षण यहाँ वर्णित हैं: महात्मा सदा परमेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण की महिमाओं के कीर्तन में संलग्न रहता है। उसका कोई अन्य कार्य नहीं है। वह सदा भगवान् की महिमा-गान में संलग्न रहता है। दूसरे शब्दों में, वह निर्विशेषवादी नहीं है। जब महिमा-गान का प्रश्न आता है, तब मनुष्य को परमेश्वर की महिमा का गान करना होता है, उनके पवित्र नाम, उनके नित्य रूप, उनके दिव्य गुणों तथा उनकी अलौकिक लीलाओं की प्रशंसा करनी होती है। मनुष्य को इन समस्त बातों की महिमा का गान करना होता है; अतएव महात्मा पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् के प्रति आसक्त रहता है।

जो परमेश्वर की निराकार विशेषता, अर्थात् ब्रह्मज्योति से आसक्त है, उसे भगवद्गीता में महात्मा के रूप में वर्णित नहीं किया गया। उसका वर्णन अगले श्लोक में भिन्न रीति से किया गया है। महात्मा सदा भक्ति की विभिन्न क्रियाओं में संलग्न रहता है, जैसा कि श्रीमद्भागवत में वर्णित है, अर्थात् विष्णु के विषय में श्रवण तथा कीर्तन, किसी देवता अथवा मनुष्य के विषय में नहीं। यही भक्ति है: श्रवणं कीर्तनं विष्णोः, स्मरणम्, अर्थात् उनका स्मरण। ऐसे महात्मा का दृढ़ संकल्प होता है कि वह अन्ततः पाँच दिव्य रसों में से किसी एक में परमेश्वर की संगति प्राप्त करे। उस सफलता को प्राप्त करने हेतु, वह अपनी समस्त क्रियाओं—मानसिक, दैहिक तथा वाचिक, सब कुछ—को परमेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण की सेवा में संलग्न करता है। इसे पूर्ण कृष्णभावनामृत कहा जाता है।

भक्ति में कुछ क्रियाएँ ऐसी हैं जो निर्धारित कहलाती हैं, जैसे कुछ विशेष दिनों में उपवास, यथा चन्द्र के एकादश दिन, अर्थात् एकादशी को, तथा भगवान् के आविर्भाव-दिवस पर इत्यादि। ये समस्त नियम तथा विधान महान् आचार्यों द्वारा उनके लिए प्रस्तुत किए गए हैं जो वास्तव में दिव्य जगत् में पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की संगति में प्रवेश पाने के इच्छुक हैं। महात्मागण, अर्थात् महान् आत्माएँ, इन समस्त नियमों तथा विधानों का कठोरता से पालन करते हैं, अतएव वे निश्चय ही वांछित परिणाम प्राप्त करते हैं।

जैसा कि इस अध्याय के द्वितीय श्लोक में वर्णित है, यह भक्ति न केवल सरल है, अपितु इसे प्रसन्न मनोभाव से सम्पन्न किया जा सकता है। मनुष्य को किसी कठोर तप तथा तपस्या से नहीं गुजरना पड़ता। वह किसी निपुण आध्यात्मिक गुरु के मार्गदर्शन में, और किसी भी स्थिति में—चाहे गृहस्थ के रूप में, अथवा संन्यासी के रूप में, अथवा ब्रह्मचारी के रूप में—यह जीवन भक्ति में व्यतीत कर सकता है; किसी भी स्थिति में तथा संसार में कहीं भी, वह पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की यह भक्ति सम्पन्न कर सकता है और इस प्रकार वास्तव में महात्मा, अर्थात् महान् आत्मा बन सकता है।