अध्याय 9 · 3 / 34
9.3
अश्रद्दधानाः पुरुषा धर्मस्यास्य परन्तप ।
अप्राप्य मां निवर्तन्ते मृत्युसंसारवर्त्मनि ॥ ३ ॥
अश्रद्दधानाः—जो श्रद्धाहीन हैं; पुरुषाः—ऐसे व्यक्ति; धर्मस्य—इस धर्म-प्रक्रिया के; अस्य—इसके; परन्तप—हे शत्रुओं के संहारक; अप्राप्य—प्राप्त किए बिना; माम्—मुझे; निवर्तन्ते—लौट आते हैं; मृत्यु—मृत्यु; संसार—भौतिक अस्तित्व; वर्त्मनि—के मार्ग पर।
हे शत्रुओं के विजेता! जो भक्ति के मार्ग पर श्रद्धावान् नहीं हैं, वे मुझे प्राप्त नहीं कर सकते, अपितु इस भौतिक जगत् में जन्म-मृत्यु को लौट आते हैं।
श्रद्धाहीन व्यक्ति इस भक्ति-प्रक्रिया को सम्पन्न नहीं कर सकते; यही इस श्लोक का तात्पर्य है। श्रद्धा भक्तों की संगति से उत्पन्न होती है। दुर्भाग्यशाली लोग, महान् पुरुषों से वैदिक साहित्य के समस्त प्रमाणों को सुनने के पश्चात् भी, ईश्वर में श्रद्धा नहीं रखते। वे हिचकिचाते हैं और भगवान् की भक्ति में स्थिर नहीं रह पाते। अतएव कृष्णभावनामृत में प्रगति हेतु श्रद्धा सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण घटक है। चैतन्य-चरितामृत में कहा गया है कि मनुष्य को यह पूर्ण विश्वास होना चाहिए कि केवल परमेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण की सेवा करने मात्र से वह समस्त पूर्णता प्राप्त कर सकता है। इसी को वास्तविक श्रद्धा कहते हैं। श्रीमद्भागवत (3.4.12) में कहा गया है कि वृक्ष की जड़ में जल देने से उसकी शाखाएँ, टहनियाँ तथा पत्ते तृप्त हो जाते हैं, और उदर को भोजन देने से देह की समस्त इन्द्रियाँ तृप्त हो जाती हैं, और इसी प्रकार, परमेश्वर की दिव्य सेवा में संलग्न होने से समस्त देवता तथा समस्त जीव स्वतः तृप्त हो जाते हैं।
भगवद्गीता पढ़ने के पश्चात् मनुष्य को तुरन्त भगवद्गीता के निष्कर्ष पर पहुँचना चाहिए: मनुष्य को समस्त अन्य कार्यों को त्यागकर पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् श्रीकृष्ण की सेवा को अपनाना चाहिए। यदि मनुष्य जीवन के इस दर्शन के प्रति आश्वस्त है, तो यही श्रद्धा है। अब उस श्रद्धा का विकास ही कृष्णभावनामृत की प्रक्रिया है।
कृष्णभावनाभावित मनुष्यों के तीन वर्ग हैं। तृतीय वर्ग में वे हैं जिनमें श्रद्धा नहीं है। यदि वे किसी गूढ़ प्रयोजन से, औपचारिक रूप से भक्ति में संलग्न हों, तो वे सर्वोच्च पूर्णता की अवस्था को प्राप्त नहीं कर सकते। सम्भवतः वे कुछ समय के पश्चात् च्युत हो जाएँगे। वे संलग्न हो सकते हैं, किन्तु चूँकि उनमें पूर्ण विश्वास तथा श्रद्धा नहीं है, अतः उनके लिए कृष्णभावनामृत में बने रहना अत्यन्त कठिन है। अपनी प्रचार-क्रिया के सम्पादन में हमें यह व्यावहारिक अनुभव है कि कुछ लोग आते हैं और किसी गुप्त उद्देश्य से स्वयं को कृष्णभावनामृत में लगाते हैं, और ज्यों ही वे आर्थिक रूप से कुछ सुस्थित हो जाते हैं, त्यों ही वे इस प्रक्रिया को त्यागकर पुनः अपने पुराने मार्ग को अपना लेते हैं। केवल श्रद्धा से ही मनुष्य कृष्णभावनामृत में प्रगति कर सकता है। जहाँ तक श्रद्धा के विकास का सम्बन्ध है, जो भक्ति के साहित्य में निष्णात है और दृढ़ श्रद्धा की अवस्था को प्राप्त कर चुका है, वह कृष्णभावनामृत में प्रथम कोटि का पुरुष कहलाता है। और द्वितीय कोटि में वे हैं जो भक्ति-शास्त्रों को समझने में अधिक उन्नत नहीं हैं, किन्तु जिन्हें स्वतः ही यह दृढ़ श्रद्धा है कि कृष्ण-भक्ति अथवा श्रीकृष्ण की सेवा सर्वश्रेष्ठ मार्ग है और इसीलिए उन्होंने पूर्ण श्रद्धा से इसे अपना लिया है। इस प्रकार वे उस तृतीय कोटि से श्रेष्ठ हैं, जिनमें न तो शास्त्रों का पूर्ण ज्ञान है और न ही पूर्ण श्रद्धा, किन्तु जो संगति तथा सरलता से इसका अनुसरण करने का प्रयत्न कर रहे हैं। कृष्णभावनामृत में तृतीय कोटि का पुरुष पतित हो सकता है, किन्तु जब कोई द्वितीय अथवा प्रथम कोटि में होता है, तब वह पतित नहीं होता। प्रथम कोटि का पुरुष निश्चय ही प्रगति करेगा और अन्त में परिणाम प्राप्त करेगा। जहाँ तक कृष्णभावनामृत में तृतीय कोटि के पुरुष का सम्बन्ध है, यद्यपि उसे इस विश्वास में श्रद्धा है कि श्रीकृष्ण की भक्ति अत्यन्त उत्तम है, तथापि उसे श्रीमद्भागवत तथा भगवद्गीता जैसे शास्त्रों के माध्यम से श्रीकृष्ण का ज्ञान नहीं है। कभी-कभी कृष्णभावनामृत में इन तृतीय कोटि के व्यक्तियों में कर्म-योग तथा ज्ञान-योग की ओर कुछ प्रवृत्ति होती है, और कभी-कभी वे विचलित हो जाते हैं, किन्तु ज्यों ही कर्म-योग अथवा ज्ञान-योग का संक्रमण नष्ट होता है, त्यों ही वे कृष्णभावनामृत में द्वितीय अथवा प्रथम कोटि के व्यक्ति बन जाते हैं। श्रीकृष्ण में श्रद्धा भी तीन अवस्थाओं में विभाजित है और श्रीमद्भागवत में वर्णित है। प्रथम कोटि की आसक्ति, द्वितीय कोटि की आसक्ति, तथा तृतीय कोटि की आसक्ति का भी वर्णन श्रीमद्भागवत के एकादश स्कन्ध में किया गया है। जिन्हें श्रीकृष्ण तथा भक्ति की श्रेष्ठता के विषय में सुनने के पश्चात् भी श्रद्धा नहीं है, जो यह सोचते हैं कि यह केवल स्तुति है, उन्हें यह मार्ग अत्यन्त कठिन प्रतीत होता है, भले ही वे कथित रूप से भक्ति में संलग्न हों। उनके लिए पूर्णता प्राप्त करने की आशा अत्यन्त क्षीण है। अतएव भक्ति के सम्पादन में श्रद्धा अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है।